झांसी न्यूज डेस्क: झांसी में जीआरपी ने बेहतरीन कार्य करते हुए यात्रियों के खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें उनके असली मालिकों तक पहुंचाया। टीम ने करीब 27 लाख रुपये कीमत के मोबाइल फोन ट्रेस कर वापस सौंपे, जिससे लोगों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई।
एसपी जीआरपी विपुल कुमार श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि ये मोबाइल फोन यात्रियों से सफर के दौरान लापरवाही में गिर गए थे या कहीं छूट गए थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस की मदद से लगातार प्रयास करते हुए इन सभी मोबाइल फोन को खोज निकाला।
बरामद मोबाइल फोन की पहचान प्रक्रिया पूरी करने के बाद संबंधित लोगों को बुलाकर उन्हें उनके फोन सौंप दिए गए। अपने खोए हुए फोन वापस मिलने पर यात्रियों ने जीआरपी टीम का धन्यवाद किया। साथ ही पुलिस ने यात्रियों को सफर के दौरान अपने कीमती सामान का विशेष ध्यान रखने की सलाह भी दी।
पुलिस के मुताबिक, कई मोबाइल अन्य राज्यों से भी बरामद किए गए हैं। जांच के दौरान कुछ ऐसे मामले भी सामने आए, जहां लोगों को रास्ते में मोबाइल मिले और उन्होंने उनका उपयोग शुरू कर दिया। जैसे ही फोन चालू हुए, सर्विलांस के जरिए उनकी लोकेशन मिल गई। सूचना मिलने पर कई लोग खुद थाने पहुंचकर मोबाइल जमा कर गए।